नीरव मोदी ग्रुप कंपनियों के तीन खातों पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने लगाई रोक!

भारतीय स्टेट बैंक ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले के सूत्रधार नीरव मोदी समूह की तीन कंपनियों के खातों पर रोक लगा दी है। बैंक के अधिकारियों ने कहा कि इन खातों से संबंधित सूचना जांच एजेंसियों से साझा की गई है।

अधिकारियों ने कहा, ‘‘हम आंतरिक तौर पर जांच की। इसमें हमें नीरव मोदी समूह की तीन कंपनियों के हमारी विदेशी शाखाओं में खातों का पता चला।’’ ये खाते एसबीआई की दुबई, बहरीन और एंटवर्प शाखाओं में हैं।

बैंक को इन खातों का आंतरिक जांच के बाद पता चला है। अधिकारियों ने कहा कि ये खाते पीएनबी के करीब 12,600 करोड़ रुपए के घोटाले से सीधे नहीं जुड़े हैं।

अधिकारियों ने कहा कि इनसे जांच में मदद मिल सकती है। इस वजह से बैंक ने इनका ब्योरा सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय, आयकर विभाग और अन्य संबद्ध एजेंसियों से साझा किया है।

एसबीआई की नीरव मोदी घोटाले में करीब 21.2 करोड़ डॉलर की राशि फंसी है। बैंक को उम्मीद है कि पीएनबी उसके बकाए की अदायगी करेगा।