पश्चिम बंगाल: विवादित बयान के बाद रुपा गांगुली की कुर्सी गई, बीजेपी ने प्रदेश महिला मोर्चा की जिम्मेदारी लॉकेट चटर्जी को दी

कोलकाता। रेप के विवादित बयान पर घिरी सांसद रूपा गांगुली को बीजेपी ने महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटा दिया है। उन्हें पिछले ही साल पश्चिम बंगाल में बीजेपी महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया था। अब उनकी जगह लॉकेट चौधरी को महिला मोर्चा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही विजय ओझा को प्रदेश सचिव बनाया गया है।

बता दें कि भाजपा सांसद रूपा गांगुली इन दिनों रेप संबंधी बयान देने के बाद से विपक्ष के निशाने पर हैं। इसे लेकर रूपा गांगुली पर पुलिस प्राथमिकी भी दर्ज की है। वहीं विपक्षी पार्टियों ने उनका पुतला दहन भी किया था। इतना ही नहीं, एक अन्य मामले में उनके खिलाफ सीआईडी जांच भी होनेवाली है। इन्हीं सब कारणों से उन्हें महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाया गया है।

हालांकि पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष का कहना है कि अगले साल होनेवाले पंचायत चुनावों को लेकर यह फेरबदल किया गया है। इसमें सिर्फ लॉकेट चटर्जी ही नहीं, बल्कि कई नेताओं को सचिव व महासचिव की जिम्मेवारी दी गयी है। संगठन में नये चेहरों को लाया गया है।