टिक टॉक विडियो बनाते वक्त पिस्तौल से गोली चल गई और 19 साल के युवक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक शनिवार रात सलमान आपने दोस्त सोहेल और आमिर के साथ इंडिया गेट गया था।
जब वे तीनों लौट रहे थे तभी कार में सलमान के बगल बैठे सोहेल ने देसी पिस्तौल निकाल ली। उसने पिस्तौल सलमान के ऊपर तानकर विडियो बनाने की कोशिश की और तभी गोली चल गई।
पुलिस के मुताबिक आमिर क्रेटा कार में पीछी की सीट पर बैठा था। घटना बाराखंबा रोड के रंजीत सिंह फ्लाइओवर के पास की है।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद दोनों युवक डर गए और वे दरियागंज में अपने एक रिश्तेदार के घर चले गए। वहां उन्होंने खून से सने कपड़े बदले और इसके बाद रिश्तेदार के साथ ही सलमान को लेकर रात 11:15 बजे के आसपास अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल प्रशासन ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सलमान ने बयान दिया और दोनों युवकों का नाम बताया। इसके बाद आमिर और सोहेल वहां से फरार हो गए। बाद में सलमान की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि सोहेल, आमिर के साथ एक अन्य शख्स को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ हत्या सहित अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि तीसरे शख्स पर सबूत मिटाने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है कि हत्या इरादतन की गई या गलती से पिस्तौल चल गई थी। सलमान जफराबाद का रहने वाला था।