रांची: इंडियन वनडे क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का ट्रैफिक नियम की खिलाफवर्जी कि वजह से रांची में चालान काटा गया है। धोनी की बाइक पर नंबर प्लेट सही तौर पर नहीं लगी थी, इसके लिए उन्हें 450 रूपये का जुर्माना भरना पडा। यह वाकिया मंगल के रोज़ की है। धोनी की बाइक पर नंबर मेडगार्ड पर लिखा था।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, पीर के रोज़ शहर में धोनी के घूमने के दौरान पुलिस की नजर नहीं पडी थी। लेकिन, मंगल को अखबार में बाइक की तस्वीर देखने के बाद गलती का पता चला।
इसलिए उनका फाइन काटा गया। ट्रैफिक एसपी कार्तिक एस ने बताया कि जगन्नाथपुर ट्रैफिक इंचार्ज ने फाइन काटा। फाइन की रकम लेने के लिए वह मंगल की रात धोनी के घर पहुंचे और फाइन की रसीद उनके घरवालों को दी।
धोनी के वालिद पान सिंह ने जुर्माने की रकम भरी।
धोनी पीर की सुबह बिना सेक्युरिटी घेरे के अपनी बुलेट से निकले और तीन घंटे तक रांची की सडकों पर घूमते रहे। इस दौरान धोनी जिस हल्के हरे रंग की बुलेट पर सवार थे, उसमें आगे की नंबर प्लेट नहीं थी।