नवादा। अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह एक बार फिर सुर्खियों में आ गये है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विवादित बयान देते हुए कहा कि भारत में सभी राम की संतानें हैं, यहां कोई बाबर की औलाद नहीं है।
एक प्रमुख समाचार चैनल टाइम्स नॉउ से बातचीत में राम मंदिर के संदर्भ में सवाल पूछे जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा, भारत के अंदर कोई भी बाबर की औलाद नहीं है।
यहां सभी राम की संतानें हैं, राम के खानदान से हैं। उन्होंने कहा कि अगर मैं धर्म परिवर्तन कर लूं तो क्या मेरे बच्चों के, आने वाली पीढ़ियों के पूर्वज बदल जायेंगे। वे तो हिंदू ही रहेंगे।
भाजपा नेता ने साथ ही सवाल उठाते हुए कहा, राम मंदिर भारत में नहीं बनेगा तो क्या पाकिस्तान में बनेगा। उन्होंने कहा, राम मंदिर का निर्माण अयोध्या में ही होगा और इसके लिए हिंदू-मुस्लिमों को साथ आना होगा।
मुसलमानों में भी शिया समुदाय के लोग तैयार हैं, लेकिन सुन्नी नहीं तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सुन्नियों को भी शिया समुदाय की तरह मान लेना चाहिए।