भाजपा कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़े, बम भी चले

कानपुर, भाजपा संगठन चुनाव की बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। रविवार को डीसी लॉ कॉलेज में भाजपा कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। मारपीट के बीच बम भी चले।

रविवार को डीसी लॉ कॉलेज में भाजपा के सिविल लाइन्स मंडल के बूथों का चुनाव हो रहा था। चुनाव अधिकारी शेष नाथ साहू मौजूद थे। चुनाव में करीब आधा घंटा बाकी था। वर्तमान मंडल अध्यक्ष अमित बाथम और रोहित साहू मंडल अध्यक्ष के दावेदार थे।

रोहित ने आरोप लगाया कि बूथ अध्यक्षों के चुनाव पर चर्चा के दौरान अचानक पीछे से अमित बाथम, सुशील वर्मा, शिवम रस्तोगी और रूपेंद्र वर्मा ने हमला कर दिया। विरोध करने पर अमित ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।

अमित और उसके साथियों ने लाठी डंडों से पीटा और कॉलेज के बाहर जमकर बम चलाए। इस बीच किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर मारपीट की सूचना दी। इस पर कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख आरोपी मौके से भाग गए।

पुलिस ने घायल रोहित को उर्सला में भर्ती कराया है। रोहित की तहरीर पर पुलिस ने मंडल अध्यक्ष अमित बाथम, शिवम, सुशील, रूपेंद्र के अलावा 17-18 अज्ञात लोगों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश, जान से मारने की धमकी, मारपीट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली।

उधर, अमित बाथम और उनके सहयोगियों ने आरोप लगाया है कि एक विधायक के इशारे पर थाने में उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मंडल अध्यक्ष अमित बाथम ने भी रोहित सहित 20 लोगों के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमले की तहरीर दी है।

परिवार का मामला है, सुलटा लेंगे

जिलाध्यक्ष भाजपा सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि दोनों पक्ष भाजपाई हैं। पारिवारिक बात है, आपस में बैठकर हल कर लेंगे। पुलिस को बीच में नहीं आने देंगे। विवाद और बम चलने की जानकारी मिली है। घटना की जांच कराई जाएगी। दोषी के खिलाफ पार्टी स्तर से कार्रवाई होगी।