भारत की आधी दौलत सिर्फ एक फीसदी लोगों के पास है : रिपोर्ट

भारत के बढ़ती असमानता के सबूत के तौर पर ऑक्सफैम इंडिया की रिपोर्ट चौंकाने वाली है। इस रिपोर्ट के मुताबिक देश की 58 प्रतिशत दौलत सिर्फ एक फीसदी लोगों के पास है। पूरी दुनिया में सबसे अमीर एक प्रतिशत लोगों के पास लगभग 50 फीसदी दौलत है लेकिन भारत में यह आंकड़ा 58 फीसदी है।

दुनिया के अमीरों की बैठक वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम के शुरू होने से कुछ समय पहले जारी की गई इस रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में अब सिर्फ 57 अरबपतियों के पास 216 अरब डॉलर की संपत्ति है। यह नीचे के 70 फीसदी लोगों की कुल संपत्ति के बराबर है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिर्फ 8 लोगों के पास इतनी संपत्ति है जितनी नीचे के 50 फीसदी लोगों के पास है। यानी दुनिया की आधी आबादी के पास जितनी कुल दौलत है उतनी दौलत इन 8 लोगों के पास है। ऑक्सफैम की रिपोर्ट कहती है कि भारत में 84 अरबपति हैं. इन 84 लोगों के पास कुल 248 अरब डॉलर की संपत्ति है।

इनमें सबसे ऊपर मुकेश अंबानी का नाम है जिनके पास 19.3 अरब डॉलर की संपत्ति है। दूसरे नंबर पर दिलीप संघवी हैं जो 16.7 अरब डॉलर के मालिक हैं। 15 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ अजीम प्रेमजी तीसरे नंबर पर हैं. पूरे भारत के पास कुल 3.1 खरब डॉलर की संपत्ति है।