कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुंगावली और कोलारस विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। राहुल ने ट्वीट कर कहा कि मध्यप्रदेश की जागरूक जनता, मतदाताओं व कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कोलारस – मुंगावली की शानदार जीत की बधाई।
यह अहंकार तथा कुशासन की हार व उम्मीद की जीत है। पहले राजस्थान और अब मध्यप्रदेश ने साबित किया कि बदलाव की आहट दस्तक दे रही है।
मुंगावली सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार बृजेन्द्र सिंह यादव ने जहां 2,124 वोट से जीत दर्ज की तो वहीं कोलारस सीट पर महेन्द्र सिंह यादव ने 8000 से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की है।
कांग्रेस उम्मीदवार बृजेन्द्र सिंह यादव को कुल 70,808 वोट मिले जबकि बीजेपी उम्मीदवार बाई साहब यादव को 68,684 वोट मिले। हालांकि पिछली बार के मुकाबले जीत का अंतर बेहद कम है।
साल 2013 में मुंगावली सीट पर कांग्रेस 20,765 सीटों के अंतर से जीती थी। इसी तरह कोलारस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार महेन्द्र सिंह यादव को कुल 82,523 वोट मिले, जबकि बीजेपी के देवेन्द्र जैन ने कुल 74,437 वोट हासिल किए।
2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने इस सीट को 24,953 मतों के बड़े अंतर से जीता था। मुंगावली में कांग्रेस के विधायक महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा और कोलारस में कांग्रेस के विधायक राम सिंह यादव के निधन के कारण उपचुनाव कराए गए।