गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहाँ विजय शंखनाद रैली में कहा कि यह चुनाव 14 साल से यूपी में विकास के वनवास को समाप्त करने के लिए है। यह
चुनाव विकास की धारा बहाने का चुनाव है। उन्होंने सत्ताधारी दल पर हमला करते हुए कहा कि उन्हें यूपी में पिछले पांच साल के काम का हिसाब देना चाहिए, बिना उत्तर दिए उत्तम प्रदेश कैसे बनाएंगे। उन्होंने अखिलेश यादव से कहा कि जनता के बीच जाकर हिसाब दीजिए और 2019 का जब चुनाव होगा मैं जनता को हिसाब दूंगा.
उन्होंने अखिलेश सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सपा के राज्य में योग्यता के आधार पर नौकरी नहीं दी जाती। भर्तियों में घोटाले हुए हैं। योग्य व्यक्तियों को नौकरियां नहीं मिल रही हैं। सत्ता में आने पर इन घोटालों की जांच की जाएगी। उन्होंने बीजेपी के घोषणापत्र के बारे में कहा कि यह बीजेपी का संकल्प पत्र होता है। हमने जो वादे किए हैं, उनको पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कई नौकरियों में इंटरव्यू समाप्त कर दिया है लेकिन इसके बावजूद हमारी बात नहीं मानी गई। दरअसल इसी से भ्रष्टाचार पैदा होता है।
उन्होंने कहा कि जमीन माफिया के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स बनाएंगे क्योंकि ये माफिया आम मध्यम वर्ग लोगों को लूटते हैं। लोगों के साथ बेईमानी करते हैं। जैसा मकान दिखाते हैं, वैसा बनाते नहीं हैं। अब केंद्र सरकार ने रियल सेक्टर क्षेत्र में धोखाधड़ी रोकने के लिए कानून बना दिया है। उत्तर प्रदेश में पश्चिमी यूपी में पहले चरण का मतदान 11 फरवरी को है।