लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है और राज्य सरकार इस पर नियंत्रण पाने में असफल रही है। यादव ने अपने बयान में कहा कि सरकार के दावे के मुताबिक अपराधी न तो प्रदेश के बाहर गए हैं और न ही उन पर पुलिस का शिकंजा कसा जा सका है। उल्टे अपराधी पुलिस पर हमला कर रहे हैं।
अपनी हताशा में विपक्ष की आवाज दबाने के लिए भाजपा सरकार यूपीकोका का नया शिगूफा उछाल रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राज में कोई दिन ऐसा नहीं जाता है जब राजधानी सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में लूट, हत्या, अपहरण और बलात्कार की घटनाएं न घटती हों।
पुलिस तंत्र की निष्क्रियता का हाल यह है कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन के हाथरस जिले में पैतृक गांव बहरदोई (सादाबाद) स्थित आवास में चोरी हो गई। पुलिस की गश्त, अपराधियों में भय जैसी कोई चीज दूर-दूर तक नहीं दिखाई दी।
यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के कानून व्यवस्था में सुधार के दावों की पोल खोलती कई घटनाएं भी हैं जो स्वयं भाजपा नेताओं और विधायकों के साथ घटी हैं। प्रतापगढ़ में भाजपा विधायक के घर में चोरी हो गई। मंदिर से कीमती मूर्तियां चोरी हो गईं।
बुलन्दशहर में भाजपा नेता के घर चोरी हो गई। सोनभद्र में भाजपा विधायक की कार चोरी हो गई। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि आखिर राज्य में किसकी सरकार है। इस सरकार में किसी की इज्जत या जान माल सुरक्षित नहीं है।
महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा पर खतरा है। प्रदेश में जब ऐसे बुरे हालात हों तो राज्य सरकार किस मुंह से ढ़ाई लाख करोड़ के निवेश का दावा कर सकती है।