यूपी के शाहजहांपुर में राखी बेच रही एक किशोरी को कथित रूप से पीटने का मामला सामने आया है। जिसके बाद वहां उपद्रव हो गया।
इस मामले में पुलिस ने 70 से ज्यादा लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के मुताबिक शनिवार को बंडा स्थित गुरुद्वारे के सामने गेट पर प्रियंका (14) नामक किशोरी राखी बेच रही थी। इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। हालात के मद्देनजर मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है
चौकीदार के लड़की को वहां से हटने के लिए कहने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इस पर चौकीदार ने प्रियंका को डंडा मार दिया जिससे उसके पैर में चोट लग गई।
उन्होंने बताया कि जब यह जानकारी लड़की के परिजनों को हुई तो उन्होंने लोगों के साथ धर्मस्थल का घेराव किया। इसके बाद दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची मगर उपद्रवियों ने उन्हें भी खदेड़ दिया और पथराव होता रहा।
इसी दौरान जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक एस चिनप्पा बड़ी संख्या में पुलिस बल लेकर पहुंचे मगर स्थिति शांत नहीं हुई। इस दौरान रबर की गोली और आंसू गैस के गोले छोड़े गए लेकिन उपद्रवी रुक रुक कर पथराव करते रहे। जब उपद्रवी शांत नहीं हुए तब पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया और हालात पर काबू पाया।