प्यार और शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले मुसलसल बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक अनोखा मामला बिहार में सामने आया है। यहां की पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जिसने एक-दो नहीं बल्कि धोखाधड़ी कर 62 लड़कियों से शादी की।
इतना ही नहीं उस शख्स ने कई ख्वातीन की ब्लू फिल्म भी बनाई और बाजार में बेच भी दिया। बिहार की दारुल हुकूमत से सटे हाजीपुर में गिरफ्तार हुए इस शख्स को लेकर जब पुलिस थाने पहुंची करीब दो दर्जन ख्वातीन ने उसकी पहचान अपने शौहर के बतौर की।
पुलिस की पूछताछ में शख्स ने अपना नाम राजकुमार राय उर्फ मुहम्मद निजाम उर्फ मुहम्मद सिजाम बताया। उसने बताया कि वह अब तक कुल 62 शादियां कर चुका है। उसकी मोबाइल से उसकी कई बीवीयों का पता चला।
राजकुमार लोगों को अपना इलाका समस्तीपुर से सहरसा के बीच बताता था। वह बाकायदा टीटीई के ड्रेस में ट्रेन से सफर करता था।
सफर के दौरान ही वह लड़कियों या शादीशुदा ख्वातीन को अपने जाल में फंसाता था। फिर उनसे शादी का झांसा देता था। कई ख्वातीन से तो वह मंदिर में शादी भी कर लेता था। फिर उन्हें अपने घर ले जाता था।
उसकी बीवीयों की उम्र 15 से 35 साल तक हैं। पूछताछ में यह भी पता चला कि कुछ दिनों तक वह नई-नवेली बीवी के साथ रहता था और इसी दौरान वह उनकी अश्लील फिल्म तैयार करता था। ऐसी दर्जनों अश्लील सीडी पुलिस को उसके कब्जे से बरामद की है।
दरअसल, वैशाली जिले के एक गांव से 15 साल की लड़की गायब हुई थी। उसकी तलाश के दौरान ही राजकुमार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।