विवादित बयान के लिए मशहूर त्रिपुरा के CM को पीएम मोदी ने किया तलब!

अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में आए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तलब किया है। पीएम ने उन्हें 2 मई को मिलने के लिए बुलाया है। हाल ही में बिप्लब अपने बयानों को लेकर चर्चा में आए।

त्रिपुरा के सीएम ने कुछ दिन पहले महाभारत काल में इंटरनेट की उपलब्ध होने की बात कही, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया। बिप्लब कुमार देब ने सौंदर्य प्रतियोगिताओं पर सवाल खड़े करते हुए डायना हेडन को मिस वर्ल्‍ड का खिताब दिए जाने पर सवाल उठाया था।

उन्होंने कहा कि डायना हेडन की जीत फिक्स थी। देव ने ऐश्वर्या राय की तारीफ करते हुए कहा, सही मायने में ऐश्‍वर्या भारतीय महिलाओं की नुमाइंदगी करती हैं।

बिप्लब कुमार देव ने शनिवार को अजीबो-गरीब बयान दिया था। उन्होंने कहा कि मैकेनिकल इंजीनियर को सिविल सेवा में नहीं जाना चाहिए बल्कि सिविल इंजीनियर को ऐसा करना चाहिए।

सीएम ने कहा कि आर्ट्स की पढ़ाई करने वाले सिविल सेवा में जाते थे। उसके बाद डॉक्टर इंजीनियर इसमें जाने लगे। लेकिन अब मैकेनिकल इंजीनियरों को सिविल सेवा में नहीं जाना चाहिए।

देव ने कहा कि सिविल इंजीनियर ऐसा कर सकते हैं। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने आगे कहा कि समाज के निर्माण में प्रशासन में उनकी भूमिका और ज्ञान काफी उपयोगी साबित होगा।

बिप्लब ने अगरतला में विश्व पुशपालन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को यह सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा कई सालों से सरकारी नौकरी के पीछे पड़े रहते हैं।

वह अपनी जिंदगी का अहम समय यहां-वहां दौड़कर बर्बाद कर देते हैं लेकिन अगर यही युवा सरकारी नौकरी तलाश करने की बजाय पान की दुकान लगा लें या गाय ही पाल लें तो उसके बैंक खाते में अबतक 5 से 10 लाख रुपये जमा हो जाते।

बिप्लब कुमार देव के बयान पर प्रधानमंत्री ने संज्ञान लिया है और उन्हें 2 मई को मिलने बुलाया है। बता दें कि त्रिपुरा में बीजेपी ने पहली बार कम्युनिस्टों को भारी बहुमत से हराकर पहली बार सरकार बनाई है और बिप्लब कुमार देव को वहां का सीएम बनाया है।