नई दिल्ली: विश्व हिंदु परिषद (विहिप) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार से गौ रक्षा और सरंक्षण के लिए एक अलग मंत्रालय बनाने का आग्रह किया है |
विहिप के तहत काम करने वाले एक समूह भारतीय गौवंश रक्षण संवर्धन परिषद (BGRSP) ने कहा कि हिंदु धर्म में गाय को पवित्र माना जाता है इसलिए हम केंद्र सरकार से आग्रह करते हैं कि वह गौवंश सरंक्षण के अपने वादे को पूरा करे |
विहिप, भाजपा के वैचारिक संरक्षक के रूप में माने जाने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध है। ये मांग ऐसे समय में की गयी है जब देश में गौमांस की खपत विवाद का एक मुद्दा बना हुआ है।
BGRSP के अनुसार, गौ वध और मांस की खपत पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने और भारतीय नस्लों में से कुछ के अस्तित्व पर खतरे को देखते हुए भारतीय नस्लों के संरक्षण के लिए एक अलग मंत्रालय समय की ज़रुरत है |
BGRSP ने आगे कहा कि अलग मंत्रालय के सृजन के इस मुद्दे को संसद के मानसून सत्र के दौरान उठाया जाएगा, उनका कहना है कि कई सांसदों द्वारा इस मुद्दे का समर्थन करने की संभावना है।