पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार साजिश रच रहे हैं कि गुरुवार को पटना एयरपोर्ट से बाहर निकलते वक्त कुछ लोगों द्वारा शरद यादव पर चप्पल, पानी के बोतल और झंडे फेंके जाएं, नीतीश कुमार खतरे से खेल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शरद यादव के नेतृत्व वाली जदयू और कांग्रेस के साथ हमारा गठबंधन जारी रहेगा। असली जनता दल और जेडीयू के कार्यकर्ता शरद यादव के साथ हैं।
लालू प्रसाद बुधवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी मौजूद थीं। राजद सुप्रीमो ने कहा कि नीतीश कुमार हताश और निराश हैं। वे प्रवक्ताओं द्वारा हमलोगों को गाली दिलाते हैं।
मैं उन प्रवक्ताओं के बारे में कुछ नहीं कहना चाहता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किस केस की बात करते हैं। उन पर तो 302 का केस दर्ज है। दिल्ली हाइकोर्ट ने उनपर जुर्माना लगाया है उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देनी चाहिए। राजनैतिक लालच भ्रष्टाचार से भी ज्यादा खतरनाक है।