हैदराबाद में तीन नाईजीरियाइयों पर हमला

image

हैदराबाद। बेंगलुरू में एक तंजानियाई महिला पर हमला और उसके कपड़े फाड़ देने की घटना के बाद यहां तीन नाईजीरियाइयों पर 10 स्थानीय लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर हमला किया और उनके ऊपर नस्लभेदी टिप्पणियां भी की।
3 में से एक नाइजीरियाई युवक ओरोलाबे इबिदोला ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे वह एक धार्मिक स्थल से अपने घर लौट रहे थे। हकीमपेट क्षेत्र में कुछ स्थानीय युवकों ने उन पर कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी की। उन्होंने जब इसका कारण जानने का प्रयास किया तो उन स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। उन्होंने युवक को चोर कहा और पिटाई की। बाद में उन्होंने 2 अन्य नाइजीरियाई युवकों को भी पीटा। एक नाइजीरियाई युवक ने इस घटना का विडियो बना लिया।
युवक ने यह भी बताया कि हमलावरों में से एक के पास चाकू था। बंजारा हिल्स थाने ने निरीक्षक पी मुरली कृष्णा ने इसे उनके बीच का ‘मामूली विवाद’ बताया। इस संबंध में आईपीसी की धारा 323, 341 के तहत स्थानीय युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना की जांच की जा रही है। घटना के बाद शहर में रहने वाले नाइजीरियाई लोगों के एक समूह ने कल रात थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया।

NBTWD