हॉकी वर्ल्ड कप: इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 5-0 से हराया!

43 साल के लंबे अंतराल के बाद खिताब जीतने के मजबूत लक्ष्य के साथ उतरे भारत ने विश्व कप हॉकी टूर्नामेंट में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए बुधवार को कलिंगा स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को ग्रुप सी मुकाबले में 5-0 से पीट दिया।

विश्व रैंकिंग में पांचवें नंबर की टीम भारत ने 15 वीं रैंकिंग के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पूरे मैच में दबदबा बनाये रखते हुए बेहतरीन जीत अपने नाम की।

भारत की जीत में मनदीप सिंह ने 10वें, आकाशदीप सिंह ने 12वें, सिमरनजीत सिंह ने 43वें और 46वें तथा ललित उपाध्याय ने 45वें मिनट में गोल किये। सिमरनजीत को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

भारत ने मुकाबले में तेज तर्रार शुरुआत की और 12वें मिनट तक ही 2-0 की बढ़त बना ली। भारत ने पहले क्वार्टर में दो गोल किये लेकिन उसे दूसरे क्वार्टर में कोई गोल करने में कोई कामयाबी नहीं मिली।

हालांकि दूसरे क्वार्टर में भारत ने एक पेनल्टी कार्नर और कुछ नजदीकी मौके भी गंवाए। भारतीय कोच हरेंद्र सिंह ने इस मुकाबले में अपनी सर्वश्रेष्ठ एकदश उतारी और खिलाडिय़ों ने अच्छी शुरुआत से अपने कोच को निराशा नहीं किया।

दरअसल पहले 10 मिनट में भारत ने लगातार हमलों से दक्षिण अफ्रीका के डिफेंस को झकझोर दिया। भारत को पहले गोल के लिए ज्यादा इन्तजार नहीं करना पड़ा। 15 हजार दर्शकों से खचाखच भरे कलिंगा स्टेडियम में भारतीय खिलाडिय़ों के हर मूव पर दर्शकों का शोर आसमान को छू रहा था।

10वें मिनट में मिले पेनल्टी कार्नर पर आकाशदीप सिंह ने बॉल को सर्कल में भेजा और हरमनप्रीत सिंह ने शॉट लिया लेकिन शॉट को रोक लिया गया। रिबाउंड पर मिली गेंद पर मनदीप सिंह ने दो टच के बाद गेंद को गोल की दिशा दिखा दी।

साभार- ‘पंजाब केसरी’