हॉकी वर्ल्ड लीग टूर्नामेंट से भारतीय हॉकी टीम हुई बाहर

हॉकी वर्ल्ड लीग टूर्नामेंट से भारतीय हॉकी टीम बाहर हो गई है। भारतीय टीम को गुरुवार को मलेशिया के हाथों 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने अंत तक काफी कोशिश की, लेकिन वह मलेशिया को परास्त नहीं कर पाई।

मलेशिया ने अपने चिर परिचित अंदाज में आक्रामक शुरूआत किया और भारत पर शुरू से ही दबाव बनाने में कामयाब रहा। दूसरे मिनट में उसे पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वह इस मौके को भुना नहीं पाया। उसके आक्रमण जारी रहे।

इसी बीच भारतीय टीम भी चौकस हुई और उसने गोल के मौके बनाने की कोशिश की। लेकिन पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल नहीं कर पाई। इसके बाद दूसरे क्वार्टर की शुरूआत भी मलेशिया ने तेज गति से किया। उसे 17वें मिनट में फिर पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन एक बार फिर वह विफल रहा।

लेकिन 19वें मिनट में आखिरकार मलेशिया ने गोल कर एक गोल की बढ़त ले ली। उसके लिए यह गोल राजी रहीम ने किया। उसे दूसरा गोल करने में ज्यादा देर नहीं लगी। अगले ही मिनट उसे पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे टेंकु ताजुद्दीन ने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। उसने दूसरा गोल कर भारत को 2-0 से पीछे कर दिया।

वहीं 24वें मिनट में भारतीय टीम के रमनदीप ने शानदार फील्ड गोल कर भारत का खाता खोला। इसी बीच रमनदीप ने एक तरह से असफल हुए मौके को दोबारा बनाया। इसके बाद गेंद को 26वें मिनट में गोल में डाल भारत को 2-2 से बराबरी पर ला दिया। दूसरे क्वार्टर के खत्म होने तक यही स्कोर रहा।

भारत ने इसके बाद कुछ मौके बनाए और पेनल्टी कॉर्नर लेने की भी कोशिश की, लेकिन वह गोल नहीं कर सका। आकाशदीप ने गोलपोस्ट के सामने से तेज शॉट मारा लेकिन मलेशिया के गोलकीपर ने गेंद को अपने पैर से रोक लिया। अंत के मिनट में भारतीय टीम की किस्मत ने फिर उसका साथ नहीं दिया और गेंद गोलपोस्ट से बेहद पास से गुजर गई।