अकबर का ‘कबूलनामा’: पल्लवी ने “आपसी सहमति से बनाए संबंध”

नई दिल्ली : महिला पत्रकार पल्लवी गोगोई ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर रेप का आरोप लगाया है, जिसे उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया है। एमजे अकबर ने कहा कि उनका पत्रकार पल्लवी गोगोई के साथ कई महीनों तक “आपसी सहमति से संबंध” रहा। अकबर ने कहा कि आरोप लगाने वाली पल्लवी गोगोई के साथ आपसी सहमति से बना संबंध “संभवत: अच्छे मोड़” पर खत्म नहीं हुआ।

गौरतलब है कि वाशिंगटन स्थित अमेरिकी मीडिया संगठन नेशनल पब्लिक रेडियो (एनपीआर) की बिजनेस डेस्क की मुख्य संपादक पल्लवी गोगोई ने अकबर के खिलाफ बलात्कार के आरोप लगाए हैं। गोगोई ने ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ में एक लेख में अपनी जिंदगी के ‘‘सबसे कष्टकारी क्षणों” के बारे में विस्तार से लिखा है।

गोगोई ने कहा कि उस समय ‘एशियन एज’ अखबर के प्रधान संपादक अकबर एक प्रतिभाशाली पत्रकार थे, लेकिन उन्होंने अपने पद का इस्तेमाल कर उनका यौन शोषण किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं जो साझा कर रही हूं वे मेरे जीवन के सबसे कष्टदायी पल हैं। मैंने 23 वर्षों तक उन्हें दबा कर रखा।”

उन्होंने इस बारे में विस्तार से बताया कि कैसे अकबर ने नयी दिल्ली से मुंबई-जयपुर-लंदन तक एशियन एज में काम करते हुए वर्षों तक उनका शारीरिक तथा मानसिक शोषण किया।

गोगोई ने बताया कि जब उन्होंने एशियन एज में काम करना शुरू किया तब उनकी उम्र 22 साल थी। वह अकबर के व्यक्तित्व से प्रभावित थीं। उनकी भाषा, मुहावरों का इस्तेमाल करने के उनके तरीके से प्रभावित थीं और इसलिए उन्होंने सभी अपशब्द सहे। गोगोई 23 साल की उम्र में ओपेड पेज की संपादक बनी जो इतनी कम उम्र में एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी थी।

पत्रकार ने आरोप लगाया, ‘‘लेकिन मुझे अपनी पसंदीदा नौकरी के लिए जल्द ही बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। यह 1994 की गर्मियों का वक्त रहा होगा और मैं उनके ऑफिस में गई। उनका दरवाजा अक्सर बंद रहता था। मैं उन्हें ओपेड पेज दिखाने गई जो मैंने बनाया था। उन्होंने मेरी कोशिश की सराहना की और अचानक मुझे चूमने के लिए झपट पड़े। मैं लड़खड़ा गई। मैं ऑफिस से बाहर निकल आई। मेरा चेहरा लाल था, मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था, मैं शर्मिंदा और बहुत टूटी हुई महसूस कर रही थी।”