अखिलेश यादव कल करेंगे सपा-कांग्रेस में गठबंधन का औपचारिक ऐलान

सपा कांग्रेस में गठबंधन का औपचारिक ऐलान कल 12 बजे अखिलेश यादव लखनऊ में करेंगे। समाजवादी पार्टी और साइकिल सिंबल मिलने के बाद अखिलेश यादव का अगला कदम कांग्रेस और अन्य दलों से बिहार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी महागठबंधन करने का है।

इस संबंध के बारे में कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने मंगलवार को कहा कि अखिलेश के नेतृत्व में गठबंधन तय है। इस सिलसिले में जल्द ही फैसला ले लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल सपा और कांग्रेस में गठबंधन की बात चल रही है, महागठबंधन पर भी चर्चा होगी।

इस बीच कांग्रेस की मुख्यमंत्री उम्मीदवार शीला दीक्षित ने भी सपा और कांग्रेस गठबंधन का स्वागत करते हुए कहा कि अगर ऐसा होता है तो वे खुद ही मुख्यमंत्री की रेस से बाहर हो जाएंगी। बता दें इससे पहले रामगोपाल यादव ने भी कहा था गठबंधन के बारे में अखिलेश यादव को निर्णय करना है। लेकिन उन्हें उम्मीद है कि ऐसा होगा। सपा महासचिव ने कहा कि पार्टी उम्मीदवारों की सूची एक.दो दिनों में जारी हो जायेगी।