अखिलेश यादव का एलान, सपा का बसपा से गठबंधन हर हाल में होगा

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा का बसपा से गठबंधन हर हाल में होगा। इसकी घोषणा जल्द ही कर दी जाएगी। सपा-बसपा का गठबंधन इन दोनों दलों के अलावा आम जनता के लिए भी खुशखबरी से कम नहीं होगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में भी सपा स्थानीय दलों के साथ मिलकर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और इसके परिणाम भी अच्छे निकलेंगे। अखिलेश ने भाजपा सरकार पर प्रहार भी किए। वह रविवार को सैफई पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।

पूर्व मुख्यमंत्री व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार दोपहर बाद एक्सप्रेस-वे के रास्ते लखनऊ से सैफई पहुंचे। सैफई में परिवारीजनों से मिलने के बाद पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। नेताओं से लोकसभा चुनाव की बाबत बातचीत की और टिप्स दिए। इस दौरान पूर्व सीएम ने इंटरमीडिएट में इटावा टॉप करने वाली वीरप्रताप सिंह की पुत्री शाम्भवी चौहान और औरेया जिला टॉप करने वाली छात्रा आर्या त्रिपाठी के न आने पर उसके पिता सुधीर त्रिपाठी को लैपटॉप दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव सपा-बसपा मिलकर साथ लडेंग़ी। दोनों के गठबंधन की जल्द घोषणा कर दी जाएगी। शिवपाल सिंह यादव की नई पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के बारे में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।

सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि भाजपा अपने सभी वादे भूल बैठी है। यहां तक कि मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने का वादा भी नहीं निभाया, जबकि सपा सरकार में न होते हुए भी मेधावियों को आज भी लैपटॉप बांट रही है। उन्होंने अपनी सरकार के कार्यों को गिनाते हुए कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे सबसे बड़ा काम है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह कह रहे हैं कि राम मंदिर मुद्दे पर न्यायाधीश जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए फैसला करें लेकिन सपा ने हमेशा अदालत के हर निर्णय का सम्मान किया है।

गेस्ट हाउस में उनसे मिलने चाचा अभयराम यादव पहुंचे तो अखिलेश यादव ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया और परिवारीजनों का हाल-चाल पूछा। वे सैफई के अपना बाजार स्थित कैफे हाउस भी गए और मौजूद लोगों से बातचीत की। इस मौके पर बदांयू सांसद धर्मेन्द्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव, सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, रवीन्द्र श्रीवास्तव, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, प्रदीप यादव, पूर्व पालिकाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता सन्टू, विमल भदौरिया, सर्वेश शाक्य मौजूद रहे।