अखिलेश यादव ने करप्शन में फंसे दो मंत्रियों को बर्खास्त किया

CM ने करप्शन में फंसे दो मंत्रियों को बर्खास्त किया

लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने दो काबिना मंत्रियों राजकिशोर एवं गायत्री प्रजापति को बर्खास्त कर दिया है। एक घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों को बाहर का रास्ता दिखाया गया। दोनों पर करप्शन का आरोप है। मुलायम के करीबी माने जाने वाले प्रजापति के खिलाफ अवैध खनन के मामले को लेकर हाईकोर्ट में भी सुनवाई चल रही है।
माना जा रहा है कि चुनाव में सरकार की करप्शन मुक्त छवि दिखाने के लिए यह कार्रवाई की गई है। राजकिशोर और प्रजापति को लेकर काफी दिनों से शिकायतें आ रही थीं। अब से पहले उन्हें कार्रवाई मुक्त रखा गया। कहा जा रहा है कि शुक्रवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में यूपी सरकार ने अर्जी दी थी कि अवैध खनन पर सीबीआई जांच का ऑर्डर वापस ले लिया जाए। मगर हाईकोर्ट ने ऑर्डर वापस नहीं लिया। ऐसे में सीबीआई जांच की नौबत आने पर कई बड़े अफसर और नेता फंस सकते हैं। ऐन चुनाव के समय ऐसा होने से सपा को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रजापति को बर्खास्त करने बाद खनन मंत्रालय शिवपाल यादव के हवाले कर दिया गया है।
2012 में चुनाव आयोग में दायर एफिडेविट के मुताबिक प्रजापति की कुल संपत्ति की कीमत- 1 करोड़ 83 लाख 59 हजार 616 है। जबकि बैंक में 10 लाख 25,954 रूपये जमा हैं।
भाजपा सांसद योगी आदित्य नाथ ने करपशन में फंसे दोनों नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

यूपी से मलिक असग़र हाशमी