अमरावती (आंध्र प्रदेश): आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की केंद्र सरकार पर वार किया और कहा कि यदि उन्होंने सहयोग किया होता तो राज्य बहुत तेजी से विकसित हुआ होता।
नायडू ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “अगर केंद्र हमारे साथ सही ढंग से सहयोग करता, तो हम बहुत तेजी से विकसित होते। केंद्र सरकार सहयोग नहीं कर रही है, लेकिन यह हमें आगे बढ़ने से नहीं रोकेगी।”
सत्तारूढ़ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) गठबंधन से तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) से बाहर निकलने का जिक्र करते हुए नायडू ने कहा, “मैंने चार साल तक इंतजार किया…मैंने सही समय पर सही निर्णय लिया।”
नायडू ने आगे कहा कि उनकी सरकार ने जनता को किए गए 95 प्रतिशत से अधिक वादों को पूरा किया और आंध्र प्रदेश विभाजन के बाद कृषि क्षेत्र में शीर्ष पर रहा।
उन्होंने कहा, हमने कुछ लक्ष्य तय किए हैं- 2023 तक शीर्ष तीन राज्यों में से एक होने के लिए, 2029 तक भारत में सर्वश्रेष्ठ राज्य होने और 2050 तक वैश्विक स्तर पर राज्य होने के लिए।”
नायडू ने कहा कि टीडीपी सरकार ने 2 अक्टूबर तक एलईडी स्ट्रीट लैंप से भरा राज्य बनाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है।
उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र, महिला सुरक्षा, आवास, भ्रष्टाचार को खत्म करने, और इसी तरह राज्य सरकार की कई उपलब्धियों की गणना की।