अगले महीने होगा राजद के अध्यक्ष पद का चुनाव

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इस साल नवंबर में संगठन के आंतरिक चुनाव कराने की घोषणा की है लेकिन पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने एक तरह से तंज कसा है।

अंग्रेजी दैनिक टेलीग्राफ से बात करते हुए रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा, “सांगठनिक चुनाव औपचारिकता हैं। कौन बनेगा ये पहले से तय है।” गुरुवार (पांच अक्टूबर) को राजद ने घोषणा की कि 19 अक्टूबर को उसकी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी और राष्ट्रीय समिति की 20 नवंबर को और उसी दिन पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाएगा। लालू प्रसाद यादव 1997 में पार्टी की स्थापना के समय से ही इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

लालू यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए रखने के लिए पार्टी को अपना संविधान बदलना पड़ा था। पहले राजद के संविधान में व्यवस्था थी कि अदालत द्वारा सजा प्राप्त कोई भी व्यक्ति पार्टी अध्यक्ष नहीं हो सकता। लेकिन चारा घोटाले में लालू यादव को सीबीआई अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद ये नियम बदला गया।