अगवा बेटे को छुड़ाने के लिए सपा नेता ने डकैत के ही माता-पिता को किया किडनैप

भोपाल : एक डकैत ने समाजवादी पार्टी के नेता के बेटे को अगवा किया और फिरौती की मांग की। किडनैप हुए बेटे को छुड़ाने के लिए नेता के रिश्तेदारों ने उलटा डकैत के माता-पिता को अगवा कर लिया है। मामला मध्य प्रदेश के सतना जिले का है, जहां कथित तौर पर यूपी समाजवादी पार्टी के नेता संतू सिंह के बेटे को डकैत बबली कोल ने अगवा कर लिया है।

संतू सिंह डकैत के माता-पिता को अगवा करने के अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बता रहे हैं। पुलिस भी इन आरोपों को गलत बता रही है, लेकिन स्थानीय दस्तावेजों की मानें तो बबली कोल के माता-पिता संतू सिंह के कब्जे में हैं और बेटे को छोड़ने के लिए डकैत कोल को 24 घंटे का अल्टिमेटम दिया गया है।

जब संतू सिंह से बात की गयी तो उन्होंने कहा, ‘मैंने डकैत, प्रशासन और पुलिस… सभी को 24 घंटे को समय दिया है।’ बताया जा रहा है कि कोल ने संतू सिंह के बेटे विजय को छोड़ने के लिए 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की है।

विजय को मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बॉर्डर से अगवा किया गया था। संतू सिंह के मुताबिक, ‘बेटे विजय को तब अगवा किया गया, जब वह अपने 12 साथियों के साथ यूपी में एक कार्यक्रम से लौट रहा था। घटना 30 जुलाई की है।’

सूत्रों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच फिरौती को लेकर मोलभाव चल रहा है। स्थानीय अखबारों की मानें तो डकैत को यह सुनिश्चित किया गया है कि विजय को सुरक्षित छोड़ने पर उसके पैरंट्स को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।