अपनी मर्ज़ी से शादी की तो बेटी-दामाद को किया बांधकर पीटा, पेशाब पिलाया

मध्य प्रदेश में अपने घरवालों की मर्जी के खिलाफ शादी करने पर एक आदिवासी जोड़े को किडनैप कर उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने बताया कि महिला के पिता ने जोड़े के साथ मारपीट करके, उन्हें जबरन पेशाब पिलाया। घटना 25 जुलाई की राज्य के अलीराजपुर जिले की है। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

अंबुआ पुलिस स्टेशन इंचार्ज विकास कपीस ने बताया कि केरम सिंह और दुरबाई की 19 साल की बेटी ननकी ने उसी गांव में रहने वाले रमेश के साथ घर से भागकर शादी कर ली थी। दोनों करीब दो-ढाई महीने पहले घर से भाग गए थे। केरम सिंह भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेता हैं और दुरबाई गांव की सरपंच रह चुकी हैं।

इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई और पंचायत ने रमेश के पिता को दुल्हन की कीमत के तौर पर सत्तर हजार रुपए और दो बकरियां देने का फैसला सुनाया। रमेश के पिता ने वह दुल्हन की कीमत चुका दी।

जोड़ा वहां से निकलकर मजदूरी करने के लिए गुजरात चला गया था। ये दोनों लोग 24 जुलाई को परिवार के किसी फंक्शन में हिस्सा लेने के लिए वापस गांव आए थे। 25 जुलाई को दोनों रमेश के चाचा के घर पर सो रहे थे, तभी तड़के चार बजे केरम सिंह और उनके भाई माल सिंह और वाल सिंह और अन्य तीन लोग घर में घुस आए। ये लोग बंदूक की नोक पर जोड़े को अपने घर ले गए। घर पर ले जाने के बाद रमेश का बांध दिया गया और ननकी के कपड़े फाड़कर बाल काट दिए गए। इसके अलावा जोड़े के साथ मारपीट की गई और उन्हें पेशाब पीने के लिए मजबूर किया गया।

ननकी और रमेश ने बताया कि उन्हें बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी कि उनके साथ ऐसा किया जाएगा, क्योंकि दुल्हन की कीमत अदा की जा चुकी थी। रमेश ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी लोगों को तलाशा जा रहा है।