अफगानिस्तान के खिलाफ़ कप्तानी कर धोनी ने रचा इतिहास, 200 वनडे में कप्तानी करने वाले एकमात्र भारतीय कैप्टन बने!

लगभग दो साल बाद टीम की कमान संभाल रहे महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया। वे 200 वनडे मैचों में कप्तानी करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। धोनी ने यह मुकाम एशिया कप-2018 में सुपर-4 के मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ हासिल किया।

दरअसल, टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा और उप-कप्तान शिखर धवन दोनों को ही इस मैच में टीम प्रबंधन ने आराम देने के फैसला किया। ऐसे में कप्तानी की जिम्मेदारी नए खिलाड़ी पर आनी थी. लेकिन टीम प्रबंधन ने नए खिलाड़ी पर दांव लगाने की बजाय धोनी को यह जिम्मा सौंपा।

भारत की कप्तानी मिलने के साथ ही धोनी ने वह उपलब्धि हासिल कर ली, जो आज तक कोई भारतीय हासिल नहीं कर सका था। उन्होंने 696 दिनों बाद एक बार फिर कप्तानी की।

इसके साथ ही उनका नाम उस रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया, जिसमें सिर्फ रिकी पोंटिंग और स्टीफन फ्लेमिंग का नाम है. ये तीनों क्रिकेटर ही वनडे मैचों में 200 से अधिक मैचों में कप्तानी कर सके हैं।

धोनी वनडे फॉर्मेट में 200 मैचों में कप्तानी करने वाले भारत के पहले और विश्व के तीसरे कप्तान बन गए हैं। धोनी से पहले इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग (230) और न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग (218) के नाम आते हैं। भारत की ओर से धोनी के बाद मोहम्मद अजहरुद्दीन हैं. उन्होंने 174 मैचों में कप्तानी की है।

अपनी कप्तानी में भारत को 2007 में टी-20 विश्व कप, 2011 में विश्वकप और 2013 में चैम्पियंस ट्राफी खिताब दिला चुके धोनी ने अक्टूबर 2016 में टी-20 और वनडे से कप्तानी छोड़ दी थी।

इसके बाद से विराट कोहली तीनों प्रारूपों में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने मंगलवार (25 सितंबर) से पहले 29 अक्टूबर 2016 को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में कप्तानी की थी।