अब झारखंड के सभी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई जायेगी नैतिक व आध्यात्मिक की पढ़ाई, राज्यपाल ने किया ऐलान

झारखण्ड के विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए कोल्हान विश्वविद्यालय समेत राज्य के सभी विश्वविद्यालय में नैतिक व आध्यात्मिक शिक्षा प्रारंभ कराए जाने का ऐलान झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने किया है।

द्रौपदी जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज में कोल्हान विश्वविद्यालय एवं ब्रह्कुमारीज के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित शिक्षाविदों के सम्मेलन को संबोधित कर रही थी।

उन्होंने कहा कि झारखण्ड के युवाओं में से नकारात्मकता का भाव हटाने के लिए और उनकी नैतिक व् आध्यात्मिक उन्नति के लिए कॉलेजों में इस तरह की शिक्षा बहुत जरुरी है, उन्होंने ब्रम्हाकुमारी संस्था के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ की शिक्षा भारत को समृद्ध बना सकती है इसीलिए सूबे के विश्वविद्यालयों में प्रजापति ब्रह्मकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के कोर्स को लागू किया जाएगा।

वीमेंस कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में स्वागत भाषण कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. शुक्ला माहांती ने किया।

वहीं ब्रह्मकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शिक्षा प्रमुख एवं प्रशिक्षक राजयोगी मृत्युंजय भाई ने कहा कि फ़िलहाल देश में शिक्षा का व्यवसायीकरण हो रहा है, जिससे आने वाले दिनों में खतरा उत्पन्न हो सकता है, शिक्षाविदों द्वारा ही शिक्षा के इस व्यवसायीकरण को रोका जा सकता है, इसके लिए हमे मिलकर प्रयास करना होगा। क्योंकि जब युवाओं में नैतिकता का बाहुल्य बढ़ेगा, तभी देश में हो रहे अपराधों में भी कमी आएगी।