अब लखनऊ एयर पोर्ट पर हज यात्रियों के रेयाल भी होने लगे हैं चोरी !

लखनऊ। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से हज के लिए रवाना होने वालों की परेशानियां कम नहीं हो रही हैं। अब तक सऊदी अरब की नई ई- वीज़ा नीति परेशानी का सबब बनी हुई थीं। इसी के साथ एयर पोर्ट से अब हज यात्रियों के माल असबाब के गायब होने की भी ख़बरें आने लगी हैं। पिछले दो दिनों में हज पर जाने वालों के करीब 4200 सऊदी रेयाल पार कर दिए गए। वैसे, यहाँ ग़ौर करने वाली एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि इस तरह की परेशानियों से ज्यादातर हज पर जाने वाली महिलाओं को सामना करना पड़ रहा है।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

पिछले दिनों कंप्यूटर पर ईवीजा नहीं खुलने के कारण सिद्धार्थ नगर की शाकिरुन्निस और अम्बेडकर नगर की सबिकुन्नीस को हज पर जाने से रोक दिया गया था। शुक्रवार को भी इसी तरह श्रीवस्ती की 60 वर्षीय रुखसाना हज पर जाने से रोकी गई। इस वजह से उनके शौहर झुर्री को भी अपना हज सफसर मुल्तवी करना पड़ा। इसी बीच अमौसी हवाई अड्डे से हज यात्रियों के सामानों की चोरी का भी समाचार आने लगा है। सुल्तानपुर कदीर निवासी ज़ैनब और उनके 75 साला शौहर मोहम्मद मेहंदी के बैग से किसी ने बोर्डिंग या इमिग्रेशन के दौरान 2100 सऊदी रेयाल निकल लिया। इसका पता उन्हें मदीना पहुँच कर लगा। अमेठी के मोहम्मद नईम ( कवर संख्या यूपीआर 27132) भी ऐसी ही घटना का शिकार हुए हैं। सामान के बीच से किसी ने एयर पोर्ट पर उनका भी 2100 रेयाल निकाल लिया। यह रकम हज कमिटी ऑफ़ इंडिया हज पर जाने वालों को खर्च करने के लिए उपलब्ध कराती है। मोहम्मद मेहंदी के पोते अब्दुल हक़ कहते हैं कि इस बारे में उनके दादा द्वारा मदीना से जानकारी देने पर उन्होंने सूबे की हज कमिटी और हवाई अड्डा प्रशासन से शिकायत की। पिछले दो दिनों से दोनों जगह का चक्कर काट रहे हैं, पर हर बार उन्हें आश्वान देकर टरका दिया गया। हर दफा यही सुनने को मिला कि उनके दादा को मदीना में रेयाल दे दिया जायेगा, पर अबतक ऐसा हुआ नहीं। पता नहीं उनके दादा की वहां ज़रूरतें कैसे पूरी हो रही होंगी। इस बारे में सूबे की हज कमिटी के उप कार्यपालक अधिकारी तनवीर अहमद कहते हैं कि हज यात्रियों के सामानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी एयर पोर्ट प्रशासन की है। रेयाल गुम होने के बारे में उसे बता दिया गया है। जल्द ही एयर पोर्ट प्रशासन की ओर से हज पर जाने वालों को रकम उपलब्ध करा दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि अब तक उत्तर प्रदेश से 8394 लोग हज पर जा चुके हैं। हज यात्रियों के लिए आखरी फ्लाइट रविवार की है।

लखनऊ से एम ए हाशमी