अभी भी लोग अच्छे दिनों का इंतजार कर रहे हैं, जिसका वादा मोदी सरकार ने किया था- शिवसेना

मुंबई। केन्द्र की मोदी सरकार पर शिवसेना का हमला लगातार जारी है। आये दिन किसी न किसी मामले पर मोदी सरकार पर हमला करने से नहीं चुकती है। यशवंत सिन्हा के लिखे गए आर्टिकल पर भी शिवसेना ने समर्थन किया था।

उसने कहा था कि अगर अर्थव्यवस्था को लेकर यशवंत सिन्हा द्वारा उठाए गए सवाल सही नहीं है तो उसे गलत साबित करके दिखाए मोदी सरकार।

शुक्रवार को केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लोग अब भी अच्छे दिन का इंतजार कर रहे हैं जिसका वादा NDA सरकार ने किया था।

इसके साथ ही शिवसेना ने पार्टी के खिलाफ टिप्पणी करने के लिए महाराष्ट्र में बीजेपी के एक मंत्री की आलोचना की। राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि शिवसेना जिस सरकार का हिस्सा है, उसी के खिलाफ सड़कों पर उतरकर हंसी का पात्र बन गई है।

उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी केंद्र और महाराष्ट्र में बीजेपी की अगुआई वाली सरकारों का हिस्सा है। शिवसेना ने महंगाई और पेट्रोल के बढ़ते दामों के खिलाफ प्रदर्शन किया था। पार्टी ने अहम मुद्दों पर उसके प्रदर्शन की पाटिल द्वारा आलोचना किए जाने को खारिज कर दिया।

शिवसेना ने पार्टी के मुखपत्र सामना में एक संपादकीय में कहा, ‘जिन्हें लगता है कि शिवसेना ने अपना मजाक बनाया है, वे सत्ता के नशे में चूर हैं। हमारे पैर जमीन पर हैं।

क्या आप (पाटिल) तब भी हम पर हंसोगे जब हम कहेंगे कि हर जगह आज लोग हंस रहे हैं क्योंकि सत्ता में आने के बाद भी अच्छे दिन कभी नहीं आए जिसका बीजेपी ने वादा किया था।’