अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव: सलमान ख़ान ने किया हिलेरी क्लिंटन का समर्थन

मुंबई: बॉलीवुड के सबसे कामयाब अभिनेताओं में से एक सलमान ख़ान ने 8 नवम्बर को होने वाले अमरीकी राष्ट्रपति चुनावों के लिए हिलेरी क्लिंटन का समर्थन किया है.

सलमान के चाहने वाले अमरीका में भी अच्छी संख्या में हैं और नज़दीकी मुक़ाबला होने पर सलमान का समर्थन हिलेरी के लिए अच्छा संकेत हो सकता है. सलमान के बाद अभिनेता कबीर बेदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति पद के आगामी चुनाव के लिए हिलेरी क्लिंटन का समर्थन किया है और चुनाव के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं.

70 साल के कबीर बेदी अभिनेता ने ट्विटर पर लिखा कि अमेरिका में एक महिला का राष्ट्रपति बनना एक मील का पत्थर होगा.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘हिलेरी क्लिंटन को 2016 के अमेरिकी चुनाव में सफलता के लिए शुभकामनाएं देता हूं। अमेरिका में एक महिला का राष्ट्रपति बनना सच में मील का पत्थर होगा। मैं अमेरिकी चुनाव में उनके साथ हूं।’’

रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रम्प से डेमोक्रेट पार्टी की हिलेरी का सीधा मुक़ाबला माना जा रहा है जिसमें जानकारों के मुताबिक़ कांटे की टक्कर होने जा रही है. सलमान ख़ान के समर्थन से पहले भी हिलेरी को फ़िल्म सितारों का समर्थन मिल चुका है. हॉलीवुड की कई हस्तियों ने पहले ही हिलेरी का समर्थन किया है जिनमें लियोनाडरे डिकैप्रियो, बेयोंसे नोल्स, किम कारदाशियां, कान्ये वेस्ट, केटी पैरी, अमेरिका फेरेरा शामिल हैं।