अमित शाह बसपा के रिजेक्टेड माल को माला पहनाने में लगे हैं: मायावती

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने सपा के गढ़ आजमगढ़ में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अपनी प्रतिद्वंद्वी पर्टियों भाजपा और समाजवादी पार्टी पर ताबड़ तोड़ हमले किए। बसपा नेताओं के भाजपा में शामिल किए जाने पर चुटकी लेते हुए कहा कि अमित शाह तमाम रिजेक्टेड माल को माला पहनाने में लगे हैं। उन्होंने सपा मुखिया पर भी तंज़ के तीर छोड़े। कहा, यह मैदान उनके लिए बड़ा था, जब कि उनकी रैली के लिए छोटा पड़ गया है। अनुमान है कि इस चुनावी रैली में करीब छह लाख लोग शामिल हुए।
मायावती ने कहा कि अगली बार यूपी में ‘सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय’ की सरकार बनेगी। केंद्र की मोदी सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगते हुए कहा है कि पूर्वांचल में बेरोज़गारी बढ़ी है।
गोरखपुर में बंद पड़े कारखाने अब तक नहीं खोले गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर धन्नासेठों के लिए काम करने का भी आरोप लगाया। यह सरकार पूंजीपतियों के कर्ज माफ करने का काम कर रही है। दूसरी तरफ छोटे किसानों को परेशान किया जा रहा है। वे आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने बीजेपी के साथ इसके लिए कांग्रेस की भी आलोचना की।
मायावती ने केंद्र की जनधन योजना, स्मार्ट सिटी और बुलेट ट्रेन की भी खिल्ली उड़ाई। रोहित वेमुला और ऊना दलित कांड का जिक्र करते हुए मायावती ने कहा कि दलितों का उत्पीड़न बढ़ रहा है। कमजोर वर्गों के लोग नरेंद्र मोदी से सहानुभूति नहीं चाहते हैं। सम्मान और बराबरी चाहते हैं।
उन्होंने प्रदेश सरकार को भी आड़े हाथ लिया। कहा कि यूपी में चोरी डकैती, अपहरण, गुंडा टैक्स और जमीनों पर अवैध कब्जे की घटनाएं बढ़ी हैं। मुजफ्फरनगर और मथुरा कांड को नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में हुए कामों की शुरुआत बसपा सरकार में हुई थी। लखनऊ में मेट्रो परियोजना और आगरा एक्सप्रेसवे की नींव उनकी सरकार में रखी गई थी। सपा सरकार ऑक्सीजन पर चल रही है। मीडिया पर दलित विरोधी होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मीडिया दोहरी नीति अपनाती है। उनके खिलाफ टिकट बेचने का प्रोपेगंडा किया जा रहा है।

लखनऊ से एम ए हाशमी