अमेरिका द्वारा एच1बी वीज़ा में फेरबदल से नाराज़ हैं ममता बनर्जी

कोलकाता। अमेरिका में एच1बी वीजा में फेरबदल संबंधी आदेश लाये जाने की खबरों पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि विदेशों रह रहे भारत के आइटी विशेषज्ञों और आइटी कंपनियों के हितों की सुरक्षा करना भारत सरकार का कर्तव्य है।

गुरुवार को इस संबंध में एक ट्वीट द्वारा मुख्यमंत्री ने कहा कि एच1बी वीजा से जुड़ी खबरें चिंताजनक हैं। हमें अपनी आइटी कंपनियों और पेशेवरों की सुरक्षा करनी चाहिए और उन्हें पूरा समर्थन देना चाहिए। भारत को अपने आइटी विशेषज्ञों की विश्व स्तरीय प्रतिभा पर गर्व है। उनके हितों का खयाल रखना हमारा कर्तव्य है।

मालूम हो कि ऐसी खबरें आ रही हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एच1बी में बड़ा फेरबदल करने के लिए एक नये शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर करनेवाले हैं। इसे उनके बड़े पैमाने पर किये जा रहे आव्रजन सुधारों के प्रयास का हिस्सा बताया गया था। इस बारे में मंगलवार को भारत ने कहा था कि उसने अमेरिका को अपने हितों और चिंताओं से अवगत करवा दिया है।

एच1बी वीजा नौकरियों के लिए अल्पकालिक वीजा (नॉन-माइग्रेंट वीज) होता है, जो अमेरिकी कंपनियों में विशेषज्ञता की दरकारवाले पेशों मसलन तकनीकी या सैद्धांतिक विशेषज्ञता वाले विशिष्ट क्षेत्रों में विदेशी नागरिकों को रोजगार देने से संबंधित है। हर साल लाखों लोगों को रोजगार पर रखने के लिए तकनीकी फर्में इस तरह के वीजा पर निर्भर करती हैं।