बारडोली तहसील के वाघेचा गांव में अमरीका की एक लड़की ने हिंदुस्तानी रीति-रिवाज के मुताबिक गांव के किसान से मंदिर में शादी कर ली। इस गोरी मेम और किसान का प्यार फेसबुक पर पनपा। और इश्क ने उसे हिंदुस्तान खींच लाया। किसान इस लड़की से उम्र में पांच साल छोटा है, लेकिन “न उम्र की सीमा हो न जन्म का हो बंधन” की तर्ज पर पीर के रोज़ दोनों शादी के बंधन में बंध गए।
वाघेचा गांव के साकिन केतन कांतिलाल पटेल (35) खेती करता है। छह महीने पहले फेसबुक पर अमरीका के इंडिआना स्टेट में रहने वाली वेंडी के. जॉनसन (40) के साथ उसकी दोस्ती हुई। दोनों एक-दूसरे को चाहने लगे। वेंडी हिंदुस्तानी कल्चर से काफी मुतास्सिर थी। वह 26 नवंबर को हिंदुस्तान आ गई। दो-तीन दिन केतन के साथ रहने के बाद दोनों के घर वालों की रज़ामंदी से पीर के रोज़ वाघेचा मंदिर में हिन्दू रीति-रिवाज के मुताबिक दोनों शादी के बंधन में बंध गए। वेंडी अमरीका के एक मोटेल में मैनेजर है।
उसने बताया कि हिंदुस्तानी दोस्तों और इंटरनेट के जरिए उसे हिंदुस्तान के बारे में मालूमात हासिल होती रहती थी। हिंदुस्तानी कल्चर उसे खूब मुतास्सिर करती थी। केतन से इश्क होने के बाद हिंदुस्तानी कल्चर से जुड़ने का उसका ख्वाब पूरा हो गया। केतन का कहना है कि वह पार्टनर की खोज में था। वेंडी से दोस्ती के बाद उसके सुलूक ने दिल को छू लिया। इसलिए उसने वेंडी से शादी का फैसला किया।