अयोध्या में बननेवाली राम की 100 मीटर की प्रतिमा में शिया समुदाय चढ़ाएंगे चांदी के तीर

लखनऊ : अयोध्या में बनने वाली राम की प्रतिमा को शिया समुदाय के लोग मिलकर चांदी के तीर चढ़ाएंगे। इस चांदी के तीर को चढ़ाने के लिए शिया समुदाय के लोगों ने शिया वक्फ बोर्ड के सामने प्रस्ताव रखा है। अध्यक्ष वसीम रिजवी ने इस प्रस्ताव की जानकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी है। उन्होंने एक पत्र लिखकर सीएम से अनुमति मांगी है कि शिया मुस्लिम भगवान राम की प्रतिमा को 10 चांदी के तीर उपहार में देने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि ये तीर आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के प्रतीक होंगे।

गौरतलब है कि अयोध्या में राम की 100 मीटर की प्रतिमा बनाई जानी है। इस मूर्ति को शिया समुदाय के लोगों ने 10 चांदी के तीर देने की पेशकश की है। इसके लिए यूपी शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी के सामने प्रस्ताव रखा गया है।

उन्होंने लिखा, ‘जिस तरह से मर्यादा पुरुषोत्तम राम ने बुराई के खिलाफ युद्ध किया था और राक्षसों का अपने बाणों से संहार किया था। इसी तरह हम चाहते हैं कि भेंट किए जाने वाले ये तीर आंतकवाद के खिलाफ संघर्ष के एक प्रतीक माने जाएं जिससे सभी धर्मों के लोग भारत में शांति से रह सकें।’

पत्र में उन्होंने लिखा है कि तीर देने की पेशकश विशेष समुदाय की तरफ से आई थी। इसके लिए शिया वक्फ बोर्ड उनको पैसा नहीं दे रहा है। इस मामले में रिजवी ने बताया कि सीएम को भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया तो हम तीर बनाने के ऑर्डर दे देंगे।