अरब देशों में प्रभाव मजबूत करने में जुटा भारत

नई दिल्ली भारत छोटे युद्धक जहाजों का एक बेड़ा पर्शियन गल्फ भेजने जा रहा है। भारत वहां के देशों के साथ अपने कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने की कोशिश में सैन्य मदद को जोड़ कर अधिक प्रभाव बनाने की कोशिश कर रहा है। दूसरी तरफ सुन्नी बहुल अरब देशों और शिया बहुल ईरान के बीच की पारंपरिक कड़वाहट के बावजूद भारत इन दोनों ही तरह के देशों के साथ अपने संबंधों में संतुलन बनाकर चल रहा है।

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मिसाइल ध्वस्त करने वाले INS दिल्ली के अलावा INS तरकश और INS त्रिखंड जैसे युद्ध पोत, मिसाइल लॉन्च करने वाले युद्ध पोत INS गंगा और पश्चिमी नौसेना के बेड़े के टैंकर INS दीपक को 3 मई के दिन मुंबई से दुबई के लिए रवाना किया जाएगा।

भारतीय नौसेना का यह बेड़ा 3 दिन तक दुबई में रहने के बाद 12 मई के आसपास कुवैत पहुंचेगा। यहां से यह बेड़ा बहरीन और ओमान के लिए रवाना होगा। 27-28 मई को यह बेड़ा वापस मुंबई लौट आएगा। लगभग इसी समय, 20 से 23 मई के बीच, भारत के अन्य युद्ध ईरान के दक्षिणवर्ती किनारे पर स्थित मशहूर तटीय शहर बांदर अब्बास में होंगे।