मुंबई। अस्पताल जा रही एक महिला ने ठाणे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 9 पर ही अपने बेटे को जन्म दे दिया। बदलापुर की रहने वाली जह्नानवी संदेश अपने पति और सास के साथ ट्रेन से ठाणे जा रही थी। यहां से उसे राजावडी अस्पताल जाना था।
लेकिन ठाणे स्टेशन पहुंचते ही महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसके बाद आरपीएफ जवान और अन्य यात्रियों की मदद से महिला को प्लेटफॉर्म नंबर 9 पर ले जाया गया और वहां उसे चादर से चारों तरफ ढंका। इस बीच रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स की कॉन्स्टेबल शोभा मोटे जह्नावी की मदद के लिए पहुंची।
कुछ अन्य महिला यात्री भी जह्नावी को घेर कर खड़ी हो गईं। महिला के पति ने बताया कि मां और बच्चे को बाद में ठाणे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत स्थिर है।