अमरावती। कैबिनेट विस्तार में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के पुत्र नारा लोकेश सहित 10 लोगों ने यहां मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। रविवार को कैबिनेट का विस्तार किया गया। नायडू ने पुरानी कैबिनेट से पांच मंत्रियों को हटाकर 10 नए मंत्रियों को शामिल किया जिनमें उनका बेटा नारा लोकेश भी शामिल है। राज्यपाल ई.एस.एल नरसिम्हन ने नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
विपक्षी दल वाईएसआर कांग्रेस को छोड़कर सत्ताधारी तेलगुदेशम पार्टी में शामिल हुए तीन लोगों को भी मंत्री परिषद में जगह मिली है। नायडू के बेटे लोकेश मार्च में ही चुनकर राज्य विधान परिषद में पहुंचे हैं। 34 वर्षीय लोकेश स्टैनफोर्ड बिजनेस स्कूल से ग्रेजुएट हैं और वर्तमान में टीडीपी के महासचिव भी है।
मंत्री पद की शपथ लेने के बाद लोकेश ने अपने पिता और राज्यपाल के पांव छूकर आशीर्वाद लिया। नायडू ने जून, 2014 में नए आध्र प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 19 मंत्रियों की कैबिनेट में सहयोगी भारतीय जनता पार्टी के दो सदस्य भी मंत्री हैं।