आखिर इंडोनेशिया में क्यों आती है बार- बार सूनामी?

शनिवार रात को ज्वालामुखी फटने से इंडोनेशिया में आई सुनामी ने भारी तबाही मचाई है। यह सुनामी क्रैकाटोआ की संतान कहे जाने वाले एक ज्वालामुखी में विस्फोट के कारण आई। वैज्ञानिकों के अनुसार, इस द्वीप का निर्माण क्रैकटो ज्‍वालामुखी के लावा से हुआ है।

इस ज्‍वालामुखी में आखिरी बार अक्‍टूबर में विस्‍फोट हुआ था। प्रशांत महासागर में स्थित रिंग ऑफ फायर का हिस्सा इंडोनेशिया इससे पहले भी कई बार भूकंप और सुनामी जैसी प्राकृतिक आपदाओं से दो चार हो चुका है।

समुद्र के भीतर अचानक जब बड़ी तेज हलचल (भूकंप या ज्वालामुखीय गतिविधि) होने लगती है तो उसमें उफान उठता है। इससे ऐसी लंबी और बहुत ऊंची लहरें उठना शुरू होती हैं, जो जबरदस्त आवेग के साथ आगे बढ़ती हैं। इन्हीं लहरों को सूनामी कहते हैं।

इंडोनेशिया अति सक्रिय भूकंप क्षेत्र में है। यही कारण है कि यहां पर इतने ज्यादा भूकंप आते हैं। यह प्रशांत महासागर के रिंग ऑफ फायर का हिस्सा है। रिंग ऑफ फायर प्रशांत महासागर के बेसिन का इलाका है, जहां पर कई ज्वालामुखी फटते रहते हैं और तगड़े भूकंप के झटके आते हैं।

भूकंप के चलते ही इसके आस-पास के समुद्रों में सुनामी की लहरें उठती हैं। यह रिंग ऑफ फायर का इलाका करीब 40 हजार किमी के दायरे में फैला है। यहां पर विश्व के कुल सक्रिय ज्वालामुखियों के 75 फीसद ज्वालामुखी हैं।

तीन महीने पहले सितंबर में इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप स्थित पालु और दोंगला शहर में भूकंप के बाद सुनामी आने से 832 लोगों की मौत हो गई थी। हजारों लोग घायल भी हुए थे। कुल 6 लाख की आबादी वाले इन दोनों शहरों में आपदा के तीन महीने बाद भी हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं।

26 दिसंबर, 2004: उत्तरी सुमात्रा में आचेह प्रांत के पश्चिमी तट पर 9.1 तीव्रता का भूकंप आया था। समुद्र में उठी विनाशकारी लहरों से उपजी सुनामी ने 14 देशों को लपेटे में लिया। इस प्राकृतिक आपदा में 2.26 लाख लोग मारे गए थे। इनमें आधे से ज्यादा आचेह प्रांत के थे।

2005: मार्च के अंत में और अप्रैल की शुरुआत में, तेज तीव्रता वाले भूकंपों की एक शृंखला ने सुमात्रा के पश्चिमी तट को हिला कर रख दिया था। इसके कारण नियास द्वीप में सैकड़ों लोग मारे गए थे।

2006: इंडोनेशिया के सबसे अधिक आबादी वाले द्वीप जावा के दक्षिणी तट पर 6.8 तीव्रता के भूकंप से आई सूनामी के कारण पूरा तट तबाह हो हो गया था। इसमें लगभग 700 लोग मारे गए थे।

2009: पश्चिम सुमात्रा प्रांत में पदंग शहर के पास आए 7.6 तीव्रता के भूकंप में 1,100 से अधिक लोग मारे गए थे।

2010: पश्चिमी सुमात्रा के मेंटावाई द्वीप पर आए 7.5 तीव्रता के भूकंप से आई सुनामी में 300 लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों गांवों को तबाह कर दिया था।

2018: इंडोनेशिया के पर्यटक द्वीप लोंबोक में आए भीषण भूकंप ने पूरा द्वीप को तबाह कर दिया था। इसमें 500 से अधिक लोग मारे गए।

28, सितंबर, 2018: पालू शहर में तेज भूकंप के बाद आई सुनामी में 2000 लोगों की जान चली गई थी।

साभार- ‘जागरण डॉट कॉम’