आजमगढ़ में निरहुआ के ‘खिलाफ लगे ‘निरहुआ गो बैक’ के नारे

आजमगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा की तरफ से उतरे दिनेश लाल यादव निरहुआ पर सोमवार को रोड शो के दौरान ग्रामीणों ने पथराव किया। इस दौरान परनामपुर के लोगों ने अखिलेश यादव के समर्थन में नारे भी लगाए। अखिलेश यादव जिन्दाबाद के साथ निरहुआ तुम वापस जाओ (निरहुआ गो बैक) का नारा भी लगने लगा।
पुलिस द्वारा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया। पर ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस किसी तरह रोड शो को गांव के बाहर निकालने में सफल हुई।
दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ आजमगढ़ के मेहनाजपुर से चौक तक रोड शो कर रहे हैं। इसी क्रम में दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ का काफिला जब परमानपुर गांव से हो कर गुजरा तो ग्रामीणों ने ‘निरहुआ’ के काफिले को रोकने की कोशिश की।
गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा में शामिल हुए निरहुआ का आजमगढ़ में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध हो रहा है। अपनी जान का खतरा बताते हुए दिनेश लाल यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार को चिट्ठी लिखी थी जिसे सरकार ने स्वीकार करते हुए उन्हें वाई प्लस सुरक्षा मुहैया कराई।
आजमगढ़ लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाती है। 2014 की मोदी लहर में भी यहां कमल नहीं खिला बल्कि मुलायम सिंह की साईकिल ही चली थी। मुलायम सिंह यादव ने भाजपा के रामाकांत यादव को लगभग 63 हजार वोटों से हराया था। यादव और मुस्लिम वोटर यहां निर्णायक माने जाते हैं। इसलिए राजनीतिक पार्टियां यहां इसी वर्ग के प्रत्याशियों को उतारना पसंद करती हैं।
सपा-बसपा के महागंठबंधन में यह सीट सपा के हिस्से आई है और सपा की तरफ से स्वयं पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव मैदान में हैं। अखिलेश और निरहुआ दोनों ही एक वर्ग से आते हैं इसलिए लगातार टकराव हो रहा है।