आजमगढ़ से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं अमर सिंह!

पू्र्व राज्यसभा सांसद अमर सिंह के भाजपा में शामिल होने के कयास के बाद अब उन्हें 2019 में चुनाव लड़वाने की भी पेशकश जारी कर दी गई है। यह पेशकश योगी के ही एक मंत्री ने की है।

अभी तक राजनीतिक विश्लेषक ऐसा मानते थे और सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज थी की अमर सिंह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इसके बाद उनके चुनाव लड़ने की चर्चा जोरों पर है।

योगी सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने 2019 के आम चुनाव में अमर सिंह को आजमगढ़ सीट से प्रत्याशी बनाए जाने की पेशकश की।

उन्होंने कहा कि अगर आजमगढ़ सीट मेरी पार्टी के हिस्से में आई तो हमारे प्रत्याशी अमर सिंह होंगे। बता दें कि अमर सिंह 22 जून को ओम प्रकाश राजभर के पुत्र अरविंद राजभर की शादी में वर-बधू को आशीर्वाद देने पहुंचे थे साथ ही राजभर को भी भाजपा से तल्खी पर घर का झगड़ा घर में ही रखने की नसीहत दी थी।

बता दें कि अमर सिंह आजमगढ़ के रहने वाले हैं। ऐसे में यह माना जा रहा है कि 2019 चुनाव में आजमगढ़ सीट से बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। इस समय सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव आजमगढ़ सीट से सांसद हैं।

यह माना जा रहा है कि उन्हें मात देने के लिये अमर सिंह चुनाव के मैदान में कूदेंगे। हालांकि मुलायम सिंह यादव ने 2019 में इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए पहले ही इंकार कर दिया है।

गौरतलब है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में अमर सिंह राष्ट्रीय लोकदल से फतेहपुर सीकरी सीट से चुनाव मैदान में थे पर वो जीत न दर्ज कर सके।