आज़म खान को चुनाव में नुकसान का डर, कहा- ‘विकास करने वाले को भी जनता हरा देती है’

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खान को चुनाव से पहले ही इस बात का शक होने लगा है कि समाजवादी पार्टी को आगामी चुनाव में नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि विकास करने वालों को भी जनता हरा देती है।

आजम खान ने कहा कि विकास करने के बावजूद जनता हरा देती है। उन्होंने कहा कि जनता ऐहसान फरामोश होती है, वह विकास करने वालों को भी धूल चटा देती है। पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी का उदाहरण देते हुए आजम ने कहा कि लोग विकास करने वालों को भी नहीं छोड़ते हैं।

आजम खान ने कहा कि अतीत मे एनडी तिवारी विकास के बेतहाशा काम किए थे लेकिन बावजूद इसके जनता ने उन्हें धूल चटा दी थी। उन्होंने कहा कि समय के साथ लोगों की सोच बदल रही है, अब लोग विकास के कामों को समझते हैं और उसे महत्व भी देते हैं।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए आजम खान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सरकार के खजाने को गरीब जनता तक पहुंचाया है, मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि जितना विकास अखिलेश की सरकार में हुआ है उतना विकास का काम करने की कोई भी राजनीतिक दल या नेता करने की तो दूर सोचने की भी हिम्मत नहीं जुटा सकता है।