आधार नही तो राशन नही,झारखंड के सिमडेगा जिले में 11 साल की लड़की की भूख से तड़प-तड़प कर मौत हो गई

रांची, झारखंड के सिमडेगा जिले में 11 साल की लड़की सिर्फ इसलिए भूख से तड़प-तड़प कर मर गई, क्योंकि उसका परिवार राशन कार्ड को आधार से लिंक नहीं करा पाया। संतोषी कुमारी नाम की इस लड़की ने 8 दिन से खाना नहीं खाया था

खाद्य सुरक्षा को लेकर काम करने वाली संस्था के सदस्यों ने रविवार को इस घटना का खुलासा किया है। संस्था की मानें तो करीमती गांव की संतोषी कुमारी की मौत पिछले महीने 28 तारीख को इसलिए हो गई, क्योंकि घर पर पिछले 8 दिन से राशन ही नहीं था।
संतोषी की मां कोईली देवी ने संस्था के सदस्यों को बताया कि आधार कार्ड लिंक नहीं होने की वजह से उन्हें फरवरी से ही पीडीएस स्कीम का सस्ता राशन नहीं मिल रहा था।
इसी दौरान 27 सितंबर को संतोषी की तबीयत बिगड़ी, उसके पेट में काफी दर्द हो रहा था और भूख के मारे उसका शरीर अकड़ गया था।
भूख से मरने वाली संतोषी की आर्थिक स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्कूल के मिड-डे मील से उसके दोपहर के खाने का इंतजाम होता था। मगर दुर्गा पूजा की छुट्टियां होने की वजह से स्कूल बंद था और इस वजह से उसे कई दिन भूखा रहना पड़ा। जिसकी वजह से उसकी जान चली गई।
हालांकि जलडेगा ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर संजय कुमार कोंगारी भूख की मौत से इंकार कर रहे हैं। उनके मुताबिक लड़की की मौत मलेरिया से हुई है। मगर वो इस बात को मान रहे हैं कि लड़की के परिवार का नाम आधार से लिंक नहीं होने की वजह से पीडीएस के लाभार्थियों की सूची से बाहर कर दिया गया था