आधी रात प्रेमिका से मिलने गया प्रेमी, घरवालों ने पेड़ से लटकाकर पीटा, हुई मौत

दरअसल मामला दो अलग-अलग बिरादरी का होने के कारण लड़की के घरवालों को ये बात नागवार गुजर रही थी। एक महीने पहले लड़की अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। तब लड़की के परिजनों ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। 10 दिन पहले ही पुलिस ने दोनों को बरामद किया था, जिसके बाद प्रेमी को जेल की हवा भी खानी पड़ी थी।
मामला जनपद के पिपराइच थानाक्षेत्र के हैदरगंज लाला टोला का है। यहां रहने वाले जितेन्‍द्र चौहान की 15 साल की बेटी का पिपराइच के जंगल छत्रधारी ककरहिया टोला निवासी युवक से तीन साल से प्रेमसंबंध चल रहा था। एक महीने पहले दोनों आपसी सहमति से घर से भाग भी गए थे। इस पर पिपराइच थाने में मुकदमा दर्ज होने के 10 दिनों बाद दोनों की बरामदगी हुई।
इसके बाद लड़की के घर वालों ने लड़के को घर आने से कड़ाई से मना किया गया था लेकिन दोनों मौका मिलते ही एक-दूसरे से मिलते रहते थे। रविवार की रात लड़की ने कॉल करके लड़के को मिलने के लिए घर पर बुलाया। जैसे ही लड़का वहां पहुंचा घरवालों ने सते छत पर पकड़ लिया।
आरोप है कि लड़के को पकड़ने के बाद लड़की के परिजनों ने पहले उसे जमकर पीटा फिर घर के बाहर आम के पेड़ पर उल्‍टा लटकाकर बेरहमी से पिटाई कर दी। लड़के को चिल्‍लाता देख लड़की ने 100 नम्बर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे पेड़ से उतारकर मेडिकल कालेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने इस घटना के बाद दोनों पक्षों में विवाद न हो इसके लिये पिपराइच, शाहपुर, चिलुआताल, गुलरिया पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटनास्‍थल पर लगा दिया। पुलिस ने लड़की के पिता जितेन्द्र चौहान, मां बोदामी देवी, दोनों भाई रामज्ञान और गोलू को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं लड़की की मां का कहना है कि जब उन्‍होंने छत पर लड़के को देखा तो वे उसे पहचान नहीं पाई। उन्‍होंने उसे चोर समझकर पकड़ लिया और घर में उसकी पिटाई करने के बाद पेड़ से बांध दिया। अंधेरा होने के कारण उन्‍हें उसका चेहरा दिखाई नहीं दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस जब उसे पेड़ से खोलकर ले गई तो वो ठीक-ठाक था, उसके बाद में लड़के की मौत कैसे हुई, उन्‍हें इसकी जानकारी नहीं है।
इस मामले में गोरखपुर के एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि लड़का-लड़की एक-दूसरे को पहले से जानते थे। उन्‍होंने बताया कि लड़की के बुलाने पर कल देर रात लड़का उसके घर पर गया था। वहां पर लड़की के घरवालों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडे से उसकी पिटाई कर दी। उन्‍होंने बताया कि इस घटना में लड़के की मौत हो गई है। पुलिस ने लड़की के माता-पिता और दो नाबालिग भाईयों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।