मालिक असगर हाशमी लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सिटी मान्टेसरी स्कूल के सभागार में आयोजित आल इण्डिया स्माल न्यूज़ पेपर एसोसिएशन (आइसना) के प्रान्तीय सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि इंटरनेट , सोशल मीडिया और ब्रेकिंग न्यूज़ ने समाचार की दुनिया बदल दी है। अब हमें किसी खबर के लिए लंबा इंतज़ार नहीं करना पड़ता। मिनटों, सेकंडों में हमें खबरें मिल जाती हैं।
उन्होंने छोटे समाचार पत्र निकलने वालों की तारीफ करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर अखबार निकालना।इसे निरन्तर चलाते रहना चुनौती भरा कार्य है। इसकी सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समाचार पत्रों के माध्यम से जहां एक ओर लोगों को सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों की जानकारी मिलती है, जनता की समस्याओं को समझने का भी मौका मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जनता और सरकार के बीच पुल का काम कर रहे हैं।
पत्रकारिता के क्षेत्र में आए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि सूचना सम्प्रेषण में इण्टरनेट की मौजूदगी बेहद अहम है। अब किसी भी घटना से सम्बन्धित समाचार सोशल मीडिया से तुरंत हासिल किया जा सकता है। ‘ब्रेकिंग न्यूज़’ से भी काफी बदलाव आए हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पत्रकार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि समाचार पत्र तथा अन्य मीडिया राज्य सरकार की योजनाओं और उसके द्वारा कराए गए कार्यों के विषय में लोगों को जानकारी उपलब्ध कराते रहेंगे। इससे पूर्व उन्होंने कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने एक पुस्तक ‘अपना रास्ता खुद बनाएं’ का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में आइसना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव शंकर त्रिपाठी तथा राष्ट्रीय मंत्री आरती त्रिपाठी ने भी अपने विचार रखे।