इंडोनेशिया विमान हादसे में भारतीय पायलट की मौत, 188 लोग थे सवार

जकार्ता। इंडोनेशिया का लॉयन एयर यात्री विमान सोमवार को जकार्ता से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 188 लोग सवार थे। अधिकारियों का कहना है कि बचाव एवं खोज अभियान जारी है। एयर बोइंग 737 विमान को दिल्ली के मयूर विहार के 31 वर्षीय कैप्टन भव्य सुनेजा उड़ा रहे थे। विमान 188 यात्रियों को लेकर जेटी-610 जकार्ता से पंगकल पिनॉन्ग जा रहा था। इस हादसे को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। जानकारी ये है कि इस विमान का पायलट भारतीय था। दिल्ली के भव्य सुनेजा इस विमान को उड़ा रहे थे। उनके साथ को-पायलट हरविनो थे। भव्य ऐल्कॉन पब्लिक स्कूल से पढ़े थे और साल 2009 में ही उन्होंने पायलट का लाइसेंस हासिल किया था। इसके बाद वह अमीरात में ट्रेनी रहे।

उन्होंने 7 साल पहले साल 2011 में लॉयन एयर को जॉइन किया था। बताया जाता है कि भव्य बहुत मीठा बोलते थे और बहुत अच्छे इंसान थे। उनके पास बोइंग-737 उड़ाने का अच्छा अनुभव था और इतने सालों में कोई हादसा नहीं हुआ था। वह दिल्ली में पोस्टिंग चाहते थे क्योंकि वह दिल्ली के रहने वाले थे। इंडोनेशिया के आपदा प्रबंधन बोर्ड के प्रमुख सुतोपो पुरवो नुग्रोहो ने ट्वीट कर कहा, कारावांग के समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हुए लॉयन एयर जेटी610 विमान के कई टुकड़े बरामद किए गए हैं। नुग्रोहो ने कहा कि इस कियाफती विमना में 178 वयस्क, एक बच्चा, दो नवजात, दो पायलट और पांच फ्लाइट अटेंडेंट थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी बसारनस और परिवहन मंत्रालय इस स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। 737 मैक्स 8 मॉडल का बोइंग विमान जकार्ता से पंगकल पिनांग जा रहा था। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रवक्ता यूसुफ लतीफ ने कहा, जकार्ता से उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही विमान से संपर्क टूट गया था। उस समय विमान समुद्र के ऊपर से गुजर रहा था। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग इस घटना में जीवित बचे हैं। उन्होंने कहा कि इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि विमान क्रैश हुआ है। लॉयन एयर विमान ने सुबह 6.20 बजे जकार्ता से उड़ान भरी थी और यह लगभग एक घंटे में पंगकल पिनांग पहुंचने वाला था लेकिन विमान का सुबह 6.33 बजे संपर्क टूट गया। नुग्रोहो ने विमान के मलबे और विमान से जुड़े सामान की कुछ तस्वीरें ट्वीट कर साझा की। उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है।