क्रिकेट के मैदान में हरफनमौला प्रदर्शन करने के बाद अब इमरान खान पाकिस्तान के लिए एक नई पारी का आगाज करने जा रहे हैं। इस पारी में भी इमरान खान से अपने देश के हित और दुनिया के साथ बेहतर संबंध बनाने की दिशा में अपेक्षित प्रदर्शन की उम्मीदें हैं।
इमरान खान पाकिस्तान के 22वें प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें 22 वर्षों तक संघर्ष करना पड़ा। क्रिकेटर से राजनेता बनने तक का इमरान का सफर आसान नहीं रहा है। उनकी कभी ना हार मानने वाली आदत ने ही उन्हें आज इस मुकाम पर लाकर खड़ा किया है।
65 वर्षीय इमरान अहमद खान नियाजी का जन्म पाकिस्तान के लाहौर में 5 अक्टूबर, 1952 को हुआ। राजनीति में आने से पहले इमरान खान एक लोकप्रिय और शानदार क्रिकेटर के रूप में जाने जाते थे। इमरान की जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव व विवाद देखने को मिले हैं।
लेकिन इसके बावजूद वह ना सिर्फ एक सशक्त शख्सियत के रूप में उभर कर आए, बल्कि 2018 के पाकिस्तान आम चुनाव में उनकी पार्टी पीटीआई ने सबसे ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की।
इमरान ने अपनी पढ़ाई वर्सेस्टर के एचिसन और ऑक्सफोर्ड के केबल कॉलेज से पूरी की। महज 13 साल की उम्र से इमरान ने क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था, जिसके बाद पाकिस्तान के लिए अपना डेब्यू 1971 में बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ 18 साल की उम्र में किया।
लगभग दो दशक तक क्रिकेट खेलने के दौरान उन्होंने 1982-1992 तक पाकिस्तानी क्रिकेट टीम की कमान संभाली और 1992 में पाकिस्तान को पहला और इकलौता क्रिकेट वर्ल्डकप जिताया। इमरान पाकिस्तान के सबसे सफल क्रिकेटर्स में रहे और पाकिस्तान टीम को आक्रामक बनाने और जीतना सिखाने का श्रेय भी उन्हीं को जाता है।
1992 में क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद इमरान ने जनहित और लोक कल्याण कार्य करने शुरू किए। उन्होंने अपनी मां के नाम पर एक कैंसर अस्पताल भी खोला। इसके साथ ही युवाओं के पढ़ने के लिए कॉलेज भी बनवाया। यहां से उनके मन में राजनीति और सामाजिक छवि को मजबूत करने की शुरुआत देखी जा सकती है।
इमरान ने अप्रैल 1996 में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी बनाकर राजनीति में कदम रखा। लेकिन पहले चुनाव में उनकी किस्मत अच्छी नहीं रही और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
लेकिन ये शुरुआत थी, 2013 के चुनाव में इमरान की पार्टी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। इसके बाद की तस्वीर हम सभी के सामने है। आज 2018 के पाकिस्तान आम चुनाव में इमरान की पीटीआई सबसे बड़ी पार्टी है और वह वजीर-ए-आजम(प्रधानमंत्री) बन गए हैं।
इमरान खान अपने जवानी के दिनों से ही लड़कियों के बीच काफी लोकप्रिय रहे हैं। कई लड़कियों और अभिनेत्रियों के साथ उनके अफेयर की खबर उड़ती रही। जिनमें भारतीय अदाकारा जीनत अमान और पूर्व पाकिस्तानी पीएम बेनजीर भुट्टो का नाम भी शामिल है।
इमरान ने पहली शादी 16 मई 1995 में जेमाइमा गोल्डस्मिथ से की, हालांकि 9 साल बाद आपसी मंजूरी से दोनों अलग हो गए। इसके बाद उन्होंने दूसरी शादी 2015 में ब्रिटिश-पाकिस्तानी पत्रकार रेहम खान से रचाई।
लेकिन 10 महीने बाद ही दोनों ने तलाक ले लिया और फिर इसके बाद रेहम ने अपनी किताब में इमरान पर कई संगीन आरोप लगाए। इसके बाद इमरान ने अपनी तीसरी शादी 2018 में बुशरा मानेका से की और अभी तक उन्हीं के साथ जिंदगी जी रहे हैं।