इराक के मोसुल में अगवा 40 हिंदुस्तानियों से जुड़ी एक अहम खबर आई है | अंग्रेजी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक दहशतगर्दों ने जिन 40 हिंदुस्तानियों को अगवा किया था उनमें से एक उनके चंगुल से भाग निकला है | दहशतगर्दों के चंगुल से निकल आने से बाकी हिंदुस्तानियों की सही सलामती वापसी की उम्मीद बढ़ गई है |
अखबार के मुताबिक हिंदुस्तानी शख्स इस वक्त हिंदुस्तानी ओहदेदारों के राबिते में है | इराकी रेड क्रिसेंट के सदर डॉक्टर यासीन अब्बास ने भी इस बात की तस्दीक की है | अब्बास के मुताबिक ये शख्स उन 40 हिंदुस्तानियों में से एक है जिन्हें दहशगर्दों ने अगवा कर लिया था |
अब्बास का कहना है कि वो सही सलामत और शुमाली इराक के अरबिल शहर में है | इराकी रेड क्रिसेंट के जरिए ही दहशतगर्दों की गिरफ्त में फंसे हिंदुस्तानियों की सही सलामती वापसी की कोशिश की जा रही है | हालांकि हिंदुस्तान के वज़ारत ए खारेजा ने एक हिंदुस्तानी के बचकर निकल आने की अब तक तस्दीक नहीं की है |