इस बड़ी पार्टी ने दिग्विजय सिंह के समर्थन का किया ऐलान, साध्वी प्रज्ञा के लिए मुश्किल!

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सीट पर सियासी मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। कंप्यूटर बाबा के नेतृत्व में तमाम साधुओं के समर्थन के बाद अब एक राजनीतिक दल ने भी कांग्रेस प्रत्याशी एवं सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के समर्थन की घोषणा की है।

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, लोकतांत्रिक जनता दल भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से मुकाबला कर रहे दिग्विजय को समर्थन देने का मंगलवार को ऐलान किया है।

LJD का मध्य प्रदेश में भले ही बड़ा वोट बेस न हो, लेकिन इस छोटी पार्टी के समर्थन के बाद दिग्विजय के वोटों में कुछ इजाफा तो हो ही सकता है।

LJD की ओर से आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मौजूद लोक क्रांति अभियान के संयोजक गोविंद यादव, लोजद के प्रदेश महासचिव प्रकाश गवांदे, उपाध्यक्ष हरिओम सूर्यवंशी, स्वरूप नायक, जिलाध्यक्ष विवेक जोशी और अश्विन मालवीय ने केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘बीते 5 साल में PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के काल में संवैधानिक लेाकतंत्र के चारों स्तंभों विधायिका, कार्यपालिका, न्यायापालिका और पत्रकारिता पर संकट के बादल मंडराए हैं।

संवैधानिक लोकतंत्र की रक्षा और इन संस्थाओं पर मंडराते संकट से मुक्ति के लिए भोपाल के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना ऐतिहासिक तौर पर आवश्यक है।’