इस बार बिना पुरुष अभिभावक के 1308 महिलाएं करेंगी हज- मुख्तार अब्बास नकवी

देश भर की कुल 1308 महिलाएं पहली बार बिना महरम यानी पुरुष अभिभावक के हज करेंगी। अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने रविवार को यह बात कही। वह हज जायरीनों के परीक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए शहर में थे। नकवी ने बताया, कुल 1308 महिलाओं ने बिना महरम के हज जाने के लिए आवेदन किया।

इस महिलाओं को लाटरी सिस्टम से छूट देकर हज करने की इजाजत दी गई। यह पहली बार हो रहा है जब भारतीय महिलाएं बिना महरम के तीर्थयात्रा पर जा रही हैं। नकवी के मुताबिक हज के लिए कुल 355604 आवेदन मिल चुके हैं, जिसमें से 189217 पुरुष हैं और 166387 महिलाएं।

वहीं इस साल भारत हज समिति की ओर से कुल 128002 लोग हज करेंगे। इसमें से महिलाओं की हिस्सेदारी 47 प्रतिशत होगी। वहीं 47023 जायरीन निजी ऑपरेटरों के जरिये जाएंगे। हज यात्रा अगस्त में शुरू होगी।